State News

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का दिखा अनूठा अंदाज, चाय पी और जलेबी बनाई,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम अपने गृह नगर उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने एक अलग अंदाज में शहर का भ्रमण कर लोगों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी दक्षिण विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। उनके इस सहज और आत्मीय अंदाज को देखकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह जगह नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

शहर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री का काफिला फ्रीगंज ब्रिज के पास पहुंचा। यहां उन्होंने निर्माणाधीन फ्रीगंज ब्रिज का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से चर्चा कर कार्य की गुणवत्ता और तय समय सीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां काम कर रहे मजदूरों से भी बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके कार्य की सराहना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मजदूरों के साथ आत्मीयता से फोटो भी खिंचवाए, जिससे श्रमिकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री बुलेट बाइक से आगर रोड स्थित कोयला फाटक चौराहे पहुंचे। यहां उन्होंने बाइक खड़ी की और पैदल भ्रमण के लिए निकल पड़े। सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के तहत चौड़ीकरण के बाद नव विकसित कोयला फाटक से कंठाल मार्ग तक उन्होंने पैदल चलकर क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, स्थानीय रहवासियों और राहगीरों से मुलाकात की तथा शहर में चल रहे विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर उनकी राय जानी। (UPDATED ON 10TH JULY 2026)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button