मीनाक्षी नटराजन का नामांकन – दिग्विजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट पर उठाया सवाल;

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद शुरू हुआ सियासी तूफान अब एक बेहद संवेदनशील और विस्फोटक मोड़ पर पहुंच गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटनाक्रम को लेकर राज्य सरकार और चुनाव आयोग को घेरा, बल्कि देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सीधे उंगली उठा दी है.
मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को पूरे घटनाक्रम को एक सोची समझी राजनीतिक साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा की रेस से बाहर रखने के लिए एक सुनियोजित खेल खेला गया. सुप्रीम कोर्ट की ओर से नामांकन रद्द करने के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक टालने और चुनाव आयोग से कोई राहत न मिलने पर दिग्विजय सिंह का गुस्सा फूट पड़ा.
उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि मैं जानता था कि जब चोरी होती है, तो उसमें सब शामिल होते हैं. केवल राज्य सरकार ही नहीं, बल्कि केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और मुझे आज यह कहने पर मजबूर होना पड़ रहा है कि सुप्रीम कोर्ट भी इसमें शामिल है. जब सुप्रीम कोर्ट को पता था कि शाम 4 बजे के बाद हमारी याचिका निष्प्रभावी हो जाएगी, तो आज ही सुनवाई क्यों नहीं की गई? इसे कल के लिए क्यों टाल दिया गया? यह पूरी तरह से मिलीभगत की चोरी का मामला है.)(upated on 11th June 2026)



