वाहन से निकला 13 करोड़ रुपये का गांजा

ओडिशा के सोनपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 12.5 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान ड्राइवर समेत ट्रक में मौजूद लोग मौके से फरार होने में सफल रहे, इसलिए इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सोनपुर जिले के सुबालय पुलिस थाना क्षेत्र में एक ट्रक के जरिए अवैध रूप से नशीला पदार्थ ले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और संदिग्ध ट्रक का पीछा किया। पुलिस की गतिविधि का पता चलते ही ट्रक का ड्राइवर और उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोग सतर्क हो गए। उन्होंने एक सुनसान जगह पर ट्रक को छोड़ दिया और मौके से भाग निकले।
जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी खेप के पीछे कौन लोग हैं। इसमें नशीला पदार्थ सप्लाई करने वाले लोग, इसके परिवहन में मदद करने वाले लोग, पैसे लगाने वाले लोग और गांजे की खेप को पहुंचाया जाना था, उन लोगों की पहचान भी जांच का हिस्सा होगी। पुलिस की यह कार्रवाई राज्य में चल रहे ‘ड्रग-फ्री ओडिशा’ अभियान के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ जारी कार्रवाई का हिस्सा है।
(updated on 11th August 2026)



