राजस्थान में रोड कनेक्टिविटी पर खर्च होंगे 2101 करोड़ रुपये

राजस्थान में सड़क तंत्र को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. बजट 2026-27 की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए प्रदेशभर में नॉन-पैचेबल और मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण के लिए 2,101.16 करोड़ रुपये की लागत से 3,232 कार्यों को मंजूरी दी गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के के इस फैसले से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा. साथ ही लोगों के लिए आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनने की उम्मीद है. नई सड़कों और अधूरे सड़क संपर्कों को पूरा करने से गांवों, कस्बों और शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
इसके चलते प्रदेश के हर गांव, कस्बे और शहर को गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. सरकार का मानना है कि मजबूत सड़क ढांचा विकास की रफ्तार बढ़ाने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा.
इन सड़क कार्यों से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे, जबकि उद्यमियों और व्यापारियों को भी परिवहन के क्षेत्र में लाभ होगा. (updated on 4th August 2026)



