वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा का महत्व बढ़ता जा रहा-

डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल तकनीक का विषय नहीं, बल्कि समाज की सोच और व्यवहार का हिस्सा बननी चाहिए। यह बात महाराष्ट्र सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय के प्रधान सचिव और महानिदेशक बृजेश सिंह ने कही। वे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के सभागार में आयोजित पुस्तक ‘डिमिस्टिफाइंग साइबर सिक्योरिटी’ के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। यह पुस्तक साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. दुर्गा प्रसाद दुबे द्वारा लिखी गई है। कार्यक्रम में उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बृजेश सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। आम लोगों के जीवन में डेटा सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए साइबर सुरक्षा बेहद आवश्यक हो गई है। इसलिए समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक सोच विकसित करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने या तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा का वास्तविक आधार हमारी सोच और मानसिकता में होता है।
अपने संबोधन में बृजेश सिंह ने कहा कि कई लोग अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करते हैं, लेकिन वे अपने अनुभवों को लिख या व्यक्त नहीं कर पाते। ऐसे में जब डॉ. दुर्गा प्रसाद दुबे जैसे विशेषज्ञ अपने ज्ञान को पुस्तक के रूप में लोगों तक पहुंचाते हैं, तो यह पाठकों के लिए एक बड़ी सौगात होती है। उन्होंने लोगों को लेखन के लिए भी प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति के मन में कभी न कभी कुछ लिखने की इच्छा होती है। आज के दौर में ब्लॉग लिखने की शुरुआत करनी चाहिए। चाहे शुरुआत में कोई उन्हें पढ़े या नहीं, लेकिन समय के साथ यही लेखन व्यक्ति की जीवन यात्रा और इतिहास का हिस्सा बन जाता है।(UPDATED ON 18TH JUNE 2026)



