कांग्रेस की 2 पार्षदों ने ‘वंदे मातरम्’ गाने से किया इनकार, पुलिस ने दर्ज किया केस;

मध्य प्रदेश में इंदौर नगर निगम के बजट सत्र के दौरान ‘वंदे मातरम्’ को लेकर हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस की 2 पार्षदों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, यह विवाद 8 अप्रैल को नगर निगम के बजट सत्र के दौरान शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख आलिम ने बैठक के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला गरमा गया। बाद में एक अन्य कांग्रेस पार्षद रुबिना इकबाल खान का नाम भी इस विवाद में सामने आया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि एमजी रोड थाने में नगर निगम के व्हिप द्वारा शिकायत दी गई थी। शिकायत में बजट सत्र के दौरान राष्ट्रीय गीत को लेकर हुए विवाद का जिक्र किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सबूत जुटाए। उन्होंने कहा, ‘जांच और सबूतों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 के तहत फौजिया शेख और रुबिना खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।'(updated on 15th aprill 2026)



