केंद्रीय बजट देश के भविष्य और आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप – सांसद भारती पारधी

बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य, रोजगार सृजन, व्यापार विस्तार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा तय करने वाला सशक्त बजट है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रस्तुत इस वर्ष का कुल बजट ₹54.1 लाख करोड़ का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भारतीय अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है
सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि सरकार ने विकास के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन को भी प्राथमिकता दी है। इसी उद्देश्य से राजकोषीय घाटे को GDP के 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के लिए आयकर प्रणाली को सरल बनाने तथा नए आयकर कानून को 1 अप्रैल 2026 से लागू करने की घोषणा को भी ऐतिहासिक कदम बताया, जिससे आमजन को राहत और पारदर्शिता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने में निर्यात की महत्वपूर्ण भूमिका है। बजट 2026–27 में निर्यात को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके अंतर्गत MSME और स्टार्टअप्स को निर्यात से जोड़ने, एक्सपोर्ट क्रेडिट और फाइनेंसिंग को आसान बनाने, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने तथा बंदरगाहों के आधुनिकीकरण जैसे अहम निर्णय लिए गए हैं। टेक्सटाइल, फार्मा, इंजीनियरिंग गुड्स, कृषि उत्पाद और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए विशेष सहायता प्रदान की जाएगी। इससे छोटे व्यापारी, किसान और महिला उद्यमी भी “लोकल से ग्लोबल” की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
सांसद ने बताया कि छोटे उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए ₹10,000 करोड़ का MSME ग्रोथ फंड स्थापित किया गया है, जिससे स्थानीय उत्पादन, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में डिजिटल और AI आधारित समाधानों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और कृषि निर्यात को मजबूती मिलेगी।
शिक्षा और कौशल विकास को लेकर उन्होंने कहा कि आधुनिक लैब्स, स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम और हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास की व्यवस्था महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगी। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सेमीकंडक्टर, बायोटेक्नोलॉजी और उन्नत तकनीक में भी बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है। ₹10,000 करोड़ की ‘बायो-फार्मा शक्ति योजना’ भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि बजट 2026–27 विकास, विश्वास और अवसरों का बजट है। यह बजट रोजगार बढ़ाने, निर्यात मजबूत करने और भारत को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।(UPDATED ON 2ND FEBRUARY 2026)



