State News

सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल- बैरसिया में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण केवल नए विद्यालय भवन का शुभारंभ नहीं, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के नए युग और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है। यह विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा और उन्हें ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और कौशल से संपन्न बनाकर जीवन में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को बैरसिया में सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को नवीन सर्वसुविधायुक्त विद्यालय की शुभकामनाएं दीं। करीब 35 एकड़ क्षेत्र में निर्मित शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की लागत 50 करोड़ 74 लाख है। मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में पौध-रोपण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माता-पिता बच्चों को जीवन देते हैं, लेकिन विद्यालय और गुरु उनके व्यक्तित्व को सही आकार देकर जीवन को सार्थक बनाते हैं। जिस प्रकार पारस के स्पर्श से लोहा सोना बन जाता है, उसी प्रकार अच्छे विद्यालय और योग्य शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें समाज और राष्ट्र की अमूल्य संपदा बनाते हैं। विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, अनुशासन, संस्कार और जीवन-दृष्टि के विकास का प्रमुख केंद्र होते हैं।

बैरसिया विधायक श्री विष्णु खत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण बैरसिया क्षेत्र के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नए हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल खुलने से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है तथा ड्रॉपआउट में कमी आई है। श्री खत्री ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, ज्ञान के साथ संस्कार अपनाने और अपने परिवार, क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामकुमार गुर्जर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह जाट, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री राठौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लता गुर्जर सहित श्री तीरथ सिंह मीणा, जनप्रतिनिधि, प्राचार्य श्री एच.एन. मिश्र, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। (UPDATED ON 2ND AUGUST 2026)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button