रामलला के चढ़ावे में चोरी के खुलासे के बाद बड़ा बदलाव

रामलला के चढ़ावे में चोरी के खुलासे के बाद राम मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन ने दान की गिनती और सुरक्षा व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव किए हैं। चढ़ावे की काउंटिंग प्रक्रिया से जुड़े लगभग 50 लोगों को हटाकर उनकी जगह नए लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही स्टेट बैंक के टेलर्स, सुपरवाइजर्स और ऑडिट से जुड़े कर्मियों को भी बदल दिया गया है। निजी एजेंसी से नियुक्त पूरे स्टाफ को हटाकर नया स्टाफ लगाया गया है, जबकि ट्रस्ट की ओर से निगरानी करने वाले कर्मचारियों की जगह भी नए लोगों की तैनाती की गई है।
जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर के 35 दान पात्रों में जमा होने वाले चढ़ावे की गिनती पहले की तरह रोजाना दो शिफ्टों में जारी है, लेकिन अब सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए कई नए नियम लागू किए गए हैं। काउंटिंग सेंटर में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया है। अब केवल बिना जेब वाली ड्रेस पहनने वालों को ही काउंटिंग सेंटर में प्रवेश की अनुमति है।
इसके अलावा, काउंटिंग सेंटर में प्रवेश और बाहर निकलने के दौरान सभी कर्मचारियों की तलाशी ली जा रही है। दान पात्रों से चढ़ावे की राशि निकालने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। गिनती पूरी होने के बाद राशि को बैंक तक पहुंचाने के लिए भी सख्त प्रोटोकॉल लागू किया गया है।.(UPDATED ON 22ND JUNE 2026)



