रियाद, जेद्दा और मस्कट के लिए स्पेशल उड़ानों का ऐलान!

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च 2026 को वेस्ट एशिया के अलग-अलग शहरों के लिए बड़ी संख्या में उड़ानें संचालित करने का फैसला किया है। दोनों एयरलाइंस मिलकर कुल 58 निर्धारित और विशेष उड़ानें चलाएंगी, जिससे यात्रियों को यात्रा के लिए ज्यादा ऑप्शन मिल सकेंगे। यह कदम बढ़ती मांग को देखते हुए उठाया गया है।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के लिए भी विशेष उड़ानों का ऐलान किया है। इसके तहत दोनों एयरलाइंस एक-एक नॉन-शेड्यूल्ड राउंड फ्लाइट संचालित करेंगी। एयर इंडिया मुंबई से रियाद के लिए विशेष उड़ान चलाएगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझिकोड से रियाद के लिए उड़ान संचालित करेगी। इससे खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीयों को काफी सुविधा मिलेगी।
सऊदी अरब के महत्वपूर्ण शहर जेद्दा के लिए भी कई उड़ानों की व्यवस्था की गई है। दोनों एयरलाइंस मिलकर जेद्दा के लिए कुल 10 उड़ानें संचालित करेंगी। एयर इंडिया दिल्ली से एक राउंड ट्रिप और मुंबई से दो राउंड ट्रिप उड़ानें चलाएगी। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरु और कोझिकोड से एक-एक राउंड ट्रिप उड़ान संचालित करेगी। इससे उमराह और अन्य यात्राओं के लिए जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ओमान की राजधानी मस्कट के लिए भी उड़ानों का संचालन जारी रहेगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए कुल 8 निर्धारित उड़ानें चलाएगी। इनमें दिल्ली और मुंबई से एक-एक राउंड ट्रिप और कोझिकोड से दो राउंड ट्रिप शामिल हैं।
इन निर्धारित सेवाओं के अलावा एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के लिए कुल 40 एक्स्ट्रा नॉन-शेड्यूल्ड उड़ानें भी संचालित करेंगी। हालांकि इन उड़ानों का संचालन संबंधित हवाई अड्डों पर स्लॉट की उपलब्धता और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।(updated on 11th March 2026)



