Detailed Stories

नई रोशनी, नया विश्वास: गुरुग्राम में सफल रही “सोलर सखी” पहल

गुरुग्राम। स्वच्छ ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल के तहत आर्टेमिस हॉस्पिटल की सीएसआर पहल के अंतर्गत पर्यावरण शिक्षा एवं संरक्षण समिति, भोपाल द्वारा सिकंदरपुर, गुरुग्राम में “सोलर सखी” परियोजना के तहत प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अभिनव कार्यक्रम का उद्देश्य झुग्गी-बस्तियों एवं प्रवासी समुदायों की महिलाओं को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराते हुए उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “सीखें और बनाएँ” सत्र में सौर तकनीकी मास्टर ट्रेनर द्वारा महिलाओं को सोलर लालटेन किट की असेंबली, इंस्टॉलेशन एवं रखरखाव की संपूर्ण जानकारी दी गई। प्रतिभागी महिलाओं ने स्वयं सोलर लालटेन जोड़कर उसे संचालित करना सीखा। यह लालटेन न केवल घरों को रोशन करने में सहायक है, बल्कि मोबाइल फोन चार्जिंग जैसी आवश्यक जरूरतों को भी पूरा करती है विशेषकर उन परिवारों में जहाँ विद्युत सुविधा सीमित या अनुपलब्ध है।

तकनीकी विशेषज्ञों ने “स्वयं करके सीखें” तरीके से प्रशिक्षण दिया, जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने काम को व्यवहारिक रूप से सीखा। कार्यक्रम के अंत में 100 महिला प्रतिभागियों को निःशुल्क सोलर किट दी गई। इस किट में सोलर लालटेन, सोलर पैनल और मोबाइल चार्ज करने की सुविधा शामिल थी।

सोलर सखी परियोजना के अंतर्गत चयनित स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट्स भी स्थापित की जा रही हैं, जिससे उन क्षेत्रों में रात्रिकालीन सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ हो सके जहाँ अब तक प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा तथा सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान सौर ऊर्जा के लाभों एवं “सोलर सखी” के उद्देश्यों पर आधारित एक लघु नाटक का मंचन भी किया गया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने प्रतिभागियों को स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जतिन सिंह प्रतिनिधि, आर्टेमिस सीएसआर द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल महिलाओं को ऊर्जा क्षेत्र में सहभागी बनाकर उन्हें आजीविका के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आनंद पटेल सहित परवीन इत्तन, कविता, प्रधान अनिल यादव एवं अन्य टीम सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

“सोलर सखी” पहल न केवल महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है, बल्कि यह स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर कार्बन उत्सर्जन में कमी, ऊर्जा न्याय और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। यह परियोजना स्थानीय स्तर पर हरित आजीविका के अवसर सृजित करते हुए महिलायों को जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील और सक्षम बना रही है।(UPDATED ON 19TH FEB 2026)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button