शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या – तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में बंगाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बंगाल सीआईडी ने इन शार्प शूटर्स को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया. इन आरोपियों को आज बारासात की अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने इन आरोपियों की 13 दिन की CID हिरासत का आदेश दे दिया है. अब सीआईडी की टीम आरोपियों से पूछताछ करेगी और पूरे मामले का खुलासा करेगी. बीती 6 मई को पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम इलाके में शुभेंदु के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
रविवार रात सीआईडी की टीम ने उत्तर प्रदेश से तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया था. उन्हें सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले की बारासात सिटी सेशंस कोर्ट में पेश किया गया और बारासात ACGM कोर्ट ने उन्हें 13 दिनों के लिए CID हिरासत में भेजने का आदेश दिया. इस मामले में अगली सुनवाई 24 मई को होगी. बारासात कोर्ट से आरोपियों को राज्य पुलिस मुख्यालय, भवानी भवन ले जाया गया.
सरकारी वकील बिवाश चटर्जी ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया था. कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है और पुलिस हिरासत (PC) की मांग स्वीकार कर ली गई है. उन्हें दोबारा पेश करने की अगली तारीख इसी महीने की 24 तारीख है.
शुभेंदु अधिकारी की हत्या मामले में बंगाल पुलिस ने जिन तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह के रूप में हुई है. राज सिंह यूपी के बलिया का रहने वाला है. पश्चिम बंगाल और यूपी पुलिस के संयुक्त अभियान में उसे अयोध्या से गिरफ्तार किया गया. राज वारदात के बाद अयोध्या में छिपा था. सूत्रों के अनुसार, राज सिंह ने चंद्रनाथ की हत्या के लिए सुपारी ली थी. इसके अलावा मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य बिहार के रहने वाले हैं.(UPDATED ON 11TH MAY 2026)



